शशि थरूर ने कहा-मैं नहीं लूंगा सावरकर सम्मान, मुझसे पूछा नहीं गया
सावरकर सम्मान स्वीकार किए जाने की संभावना के बीच शशि थरूर ने दिल्ली में कहा कि उन्होंने मंगलवार को इस सम्मान के बारे में सुना, लेकिन वह कार्यक्रम में नहीं जा रहे. सम्मान लेने जाने से जुड़े सवाल के जवाब में थरूर ने कहा, "मैंने इसके बारे में कल ही सुना. मैं नहीं जा रहा हूं."
कांग्रेस में कई बार अपने बागी तेवर दिखाने वाले वरिष्ठ सांसद शशि थरूर ने आज बुधवार को साफ करते हुए कहा कि वह वीडी सावरकर के नाम पर कोई सम्मान ग्रहण नहीं करेंगे और न ही इससे जुड़े किसी कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे. जबकि उनकी पार्टी के एक वरिष्ठ नेता चाहते थे कि कांग्रेस सांसद उस विचारक के नाम पर कोई सम्मान स्वीकार न करें. उनका सावरकर के बारे में दावा है कि “उन्होंने अंग्रेजों के सामने घुटने टेके थे.” हालांकि सम्मान देने वाले HRDS का दावा है कि थरूर को इस बारे में बताया गया था.
तिरुवनंतपुरम से सांसद थरूर ने कहा कि वह “वीर सावरकर सम्मान” स्वीकार नहीं करेंगे और न ही उस कार्यक्रम में जाएंगे जहां इसे दिया जाएगा, क्योंकि अवॉर्ड के नेचर या इसे देने वाले संगठन को लेकर कोई जानकारी नहीं दी गई है. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि “आयोजकों ने मेरी सहमति के बिना ही मेरा नाम घोषित करके गैर-जिम्मेदाराना काम किया है.”